Thursday, 4 July 2019

कविता -सृष्टि

सृष्टि  / आभा दवे 
-----————-

कभी-कभी सृष्टि को  निहारा करो

इसमें भी खुद को पाया करो

 ये  हरी -भरी धरती सुंदर

श्रृंगार कर रोज़ सजती 

नदी , सागर , झरने , पर्वत,

पेड़-पौधे से खुद को ढकती

इन्हीं का श्रृंगार कर सजती

उसके इस रूप को भी सहारा करो

कभी-कभी सृष्टि को निहारा करो

ऊपर फैला आसमान लिए सूरज-चाँद ,तारे

जो लगते सभी को प्यारे

देते हमें उजाला,चाँदनी और खुशी

तो इनसे भी रिश्ता निभाया करो

इनका गुणगान भी गाया करो

कभी-कभी सृष्टि को निहारा करो

उड़ान भरते सभी कल्पना की रोज ही

कभी हकीकत की दुनिया में जाया करो

दीन- दुखियों को गले लगाया करो

मासूम बच्चों के होठों पर खिली रहे हँसी

ऐसा कोई गीत सुनाया करो

कभी-कभी सृष्टि को निहारा करो

एक ईश्वर की हम सब संतान

न धर्मों में खुद को बाँटा करो

हिल -मिल रहे सभी यहाँ

सभी को अपना बनाया करो

प्रेम से गले लगाया करो 

गमों में भी मुस्कुराया करो

कभी-कभी सृष्टि को निहारा करो

बढ़ते जाएँ कदम आगे सभी के

नीचे सर न झुकाया करो

कदमों में ही है मंजिल 

उस मंजिल से न किनारा करो

खुद पर रख  अटल विश्वास 

खुद का अमर गान गाया करो

कभी-कभी सृष्टि को निहारा करो ।




आभा दवे

Wednesday, 3 July 2019

हाइकु मुक्तक

  हाइकु मुक्तक - आभा दवे 
-------------------

1)छल रही है ,गर्म हवा सभी को, शांत पवन
    बेचैन कली ,उपवन रो रहा ,न आए घन
   मन तरसे , बिन पानी-हवा के ,जन निराश 
    लगाए आस, देख रहे आकाश, चुप गगन ।


2) मधुर स्वर , है सागर निकाले , संगीत न्यारा
    सूर्य ढलता , संध्या के आगोश में , लगता प्यारा
    धरा सुंदर , लालिमा लिए हुए , अनोखी छटा
    बिखेरे रंग , चहुँ ओर किरण  , रूप तुम्हारा ।

आभा दवे

हाइकु -जहाँ चाह वहाँ राह

*हाइकु*-आभा दवे 
--------———

1) जहाँ चाह है 
  वहाँ राह निकले 
   आगे बढ़ के ।

2) मंजिल मिले
   जहाँ चाह होती है
    वहाँ राह पे ।

3) हार , न मन
    वहाँ राह खड़ी है 
     जहाँ चाह है ।

4) संघर्ष खूब
    गम न,जहाँ चाह
     है वहाँ राह ।

5) दिल जुड़ते
    होती है जहाँ चाह
    तो राह वहाँ  ।

*आभा दवे*
    

कविता -धुरी

धुरी   -आभा दवे
------————
घर की धुरी औरत होती
महकाती अपनी ममता से
जीवन का हर कोना-कोना
सबके सुख में खुद को सुखी पाती
और अपने जीवन को उसी से सहलाती
रूप करुणा का ये सह लेता सब कुछ
तभी तो वह इस दुनिया में देवी कहलाती
अपने दायरे में रहकर घर की धुरी बन
अपने सारे धर्म बखूबी निभाती चली जाती
एक परिधि में रहने का अपना मूल्य चुकाती
संसार में अपना गौरव गान करवाती 
अपनी एक अलग पहचान बनाकर 
इस धरा पर अपने होने का एहसास कराती ।

आभा दवे
               




कविता -चेहरा



        चेहरा -आभा दवे 
     ----------———

चेहरे पर चमकता नूर है

सीरत  से वो  गंभीर है

नैनो में भरे  विश्वास

चलती है दुनिया के साथ

न  जाने रीत पुरानी

न माने लोगों की जुबानी

खुद के कानों पर भरोसा कर

हर कदम फूँक-फूँक कर चलती है

घूंट  दर्द का अब नहीं पीती है

गमों के संग मुस्कुराकर जीती है

लड़ने के लिए सदैव तत्पर रहती  हैं

आजकल की लड़कियाँ

लड़कों पर भारी पड़ती है

माता-पिता का   सहारा  बन

बेटे का धर्म निभाती है

हर कार्य में आगे बढ़ कर

दुनिया में अपना लोहा मनवाती  है

आजकल की लड़कियॉऺ अब 

चेहरा नहीं छुपाती है

लाखों के बीच सितारा बन 

जगमगाती है।

आभा दवे



कविता - अन्तर्द्वद

*अंतर्द्वंद* -आभा दवे 
---------————-

देह का अंतर्मन से जुड़ा हुआ है नाता

जो न जाने हम से क्या-क्या है करवाता

रहता है अंतर्द्वंद हमेशा दिल और दिमाग  में

एक चाहे अच्छे कर्म करना

और दूजा बोले तू भी स्वार्थी बनना

यह जग बड़ा ही निराला है

सब जीते  हैं अपनी खुशियों की खातिर

दुख का होता नहीं बंटवारा है

देख- देख कर दुनिया सारी 

दिमाग बेचारा घबराता है 

क्या अच्छा क्या बुरा समझ नहीं पाता है

कभी लगते अपने पराए कभी लगते पराए अपने

इसी अंतर्द्वंद में दिमाग और मन एक दूजे से लड़ जाता है

मन दिमाग को समझा कर धीरे से मुस्काता है

बाँटों खुशियां जग में कोई नहीं पराया है

मन के निर्मल सागर में आनंद ही समाया है

खुशियों का खजाना वहीं कहीं छिपा पड़ा है

बस तुझको ही गोता लगाना है

और उन खुशियों का खजाना पाना है

अपने अंतर्द्वंद से मन को न हराना है ।

*आभा दवे*





कविता -अंश /हिस्सा

 अंश/हिस्सा—आभा दवे 
---------------————
 मैं एक छोटा सा अंश इस धरा में

अपनी ही पहचान से अंजान  था

माना अंश हूँ माँ- पिता के  प्यार का

पर हूँ तो उनसे भी जुदा अपने स्वभाव में

बढ़ रहा था उनकी अंगुली पकड़

चल भी रहा था उनके पदचिन्हों पर

अचानक वक्त ने करवट बदली

और माता- पिता का साया न रहा

उनका ये अंश हो गया बेसहारा

दुनिया की ठोकर सह रहा था बेचारा

एक दिन अचानक हो गई मुलाकात एक अजनबी से

उसने कहा बड़ी ही समझदारी से 

तू उस ईश्वर का हिस्सा है  जो कभी जुदा नहीं होता

बीच मझधार में कभी नहीं खोता

लिखी है उसने तेरी अलग ही कहानी

देनी है तुझे लाखों को जिंदगानी

अमर सदा तेरा नाम रहेगा 

देश को तुझ पर नाज़ रहेगा

करनी होगी तुझे देश की सेवा

अंश है तू  इस धरा का

माटी पर अपना सर्वस्व न्यौछावर कर

तिरंगे की शान तुझ से ही है

तेरी पहचान उससे ही है

अब जाग जा देश की माटी

दे रही सदा 

अपने हिस्से की जिम्मेदारी को 

तन -मन -धन से निभा जरा

मैं हरदम तेरे साथ हूँ खड़ा

कंधे से कंधा मिला 

शहीदों की शहादत का सम्मान कर

इंसानियत के नाते 

उनका गौरव गान कर

शीश न झुके कभी कायरता से

अपने आप को भी इस माटी पर कुर्बान कर 

चल पड़ा हूँ मैं अब शान से 

लिए गर्व सीना तान के

अपने देश की खातिर जीऊँगा 

देश की खातिर मरुँगा ।




*आभा दवे