Sunday, 30 June 2019

कविता -हमारे हाथ में क्या है

 हमारे हाथ में क्या है
-------------------------

गर चाहे तो इंसान

करले मुट्ठी में आसमान

खुद पर रख *भरोसा*

अपनी मेहनत को बना ले ईमान

पत्थर में से निकाल दे पानी

चट्टान को भी बना दे भगवान

अपने बस में है कर्म करना

और बाद में उसके मीठे फल चखना

उसी में छुपा है  कहीं तेरा मान- सम्मान

जिंदगी का स्वाभिमान 

फिर न उठे  कभी ये प्रश्न

हमारे हाथ में क्या है  ....

*आभा दवे*

वृध्द कविता

 वृद्ध
--------

घर की शान बढ़ाते हैं 

ये वृद्ध ,बूढ़े और बुजुर्ग

हमसाया बन जाते हैं

यह वृद्ध ,बूढ़े और बुजुर्ग

बचपन कभी सवारां था

इन झुर्रियों भरे हाथों ने 

प्रेम से पाला था कभी देकर 

दुलार का प्याला 

अपना सर्वस्व न्यौछावर करके

गमों में भी मुस्कुराते रहे

बच्चों की खातिर अपना जीवन लुटाते रहे

उनकी खुशी में मुस्कुराते रहे

 उनके गमों में आँसू बहाते रहे

वक्त ने छीन लिया अब इनका यौवन

ये बुजुर्ग अब वृद्ध नजर आने लगे

कुछ को मिला घर में सम्मान 

और कुछ वृद्धाश्रम जाने लगे

तकदीर का खेल है निराला

बच्चे इनसे नजर चुराने लगे

ये अपने बुढ़ापे से लाचार

खुद से समझौता कर

जीवन अपना बिताने लगे

बस इन्हें थोड़ा सा मान- सम्मान चाहिए

नाती -पोतों का प्यार चाहिए

अपने जीवन के अनुभवों की झोली

विरासत में दे जाएँ ऐसा अपनो का साथ चाहिए 

कुछ नही इन्हे बस थोड़ा सा प्यार चाहिए ।


*आभा दवे*



अंतर्द्वद

*अंतर्द्वंद*
-----------

देह का अंतर्मन से जुड़ा हुआ है नाता

जो न जाने हम से क्या-क्या है करवाता

रहता है अंतर्द्वंद हमेशा दिल और दिमाग  में

एक चाहे अच्छे कर्म करना

और दूजा बोले तू भी स्वार्थी बनना

यह जग बड़ा ही निराला है

सब जीते  हैं अपनी खुशियों की खातिर

दुख का होता नहीं बंटवारा है

देख- देख कर दुनिया सारी 

दिमाग बेचारा घबराता है 

क्या अच्छा क्या बुरा समझ नहीं पाता है

कभी लगते अपने पराए कभी लगते पराए अपने

इसी अंतर्द्वंद में दिमाग और मन एक दूजे से लड़ जाता है

मन दिमाग को समझा कर धीरे से मुस्काता है

बाँटों खुशियां जग में कोई नहीं पराया है

मन के निर्मल सागर में आनंद ही समाया है

खुशियों का खजाना वहीं कहीं छिपा पड़ा है

बस तुझको ही गोता लगाना है

और उन खुशियों का खजाना पाना है

अपने अंतर्द्वंद से मन को न हराना है ।


*आभा दवे*





कविता -यादों का काँरवा

यादों का कारवाँ
---------------------

वक्त के साए में बचपन की यादों का कारवाँ

अब भी चलता है हरदम मेरे साथ

मासूम सा बचपन दिल में कहीं बैठा हुआ है

मेरी उँगलियों को थामे हुए

जो अक्सर नन्हे कदमों की चाप

कानों को सुना जाता है

माँ का आँचल और पिता का प्यार 

उस में नजर आता है

भाई -बहनों के संग लुका -छिपी का खेल

नजरों से नहीं जाता है 

वो पल बहुत याद आता है

जो अब भी मन में करवट ले रहा है

कागज की कश्ती और बरगद की डाल का वो झूला

अब कहाँ  नजर आता है ?

अब तो बस जीवन सिमटा सा नजर आता है

जीवन की शाम दस्तक दे रही है

नए  तोहफे जीवन को दे रही है

पर रुकता नहीं यादों का कारवाँ

बचपन की मीठी सी यादें

अब भी  मुझे लोरी दे रही है 

चंदा मामा की  वो कहानी 

यादों में अब भी सोई पड़ी है ।


आभा दवे 



सायली छंद

सायली छंद* (1-2-3-2-1) *नौ शब्दों वाली कविता*
---------------

चाहत पर 
--------------

1) चाहत

   जो रखते

  आसमान पाने की

   मेहनत करते 

   कठिन ।

2) उपवन

   माली सींचता

   चाहत फूलों की     

    मिलते संग 

    काँटे ।

3) साहित्य

   अनेक विधा 

   लिखते सभी सदा

    चाहत लेखक 

     बनना ।

4) कहानियाँ

    कुछ बोलती

     चाहत संग डोलती

      नाम कमाये

       खूब ।

5) लेखन

    मेहनत मांगे

    अभ्यास होता कठिन 

    चाहत जगाती 

    आशा ।

*आभा दवे*

Thursday, 25 January 2018

भारत की भूमि को नमन हमारा

भारत की भूमि को नमन हमारा 

इस पर लहराये तिरंगा प्यारा 

शहीदों की धरोहर ,सैनिकों का अभिमान 

गंगा की पावन नदी देश का स्वाभिमान 

अलग अलग वेशभूषा अलग अलग बोली 

सर्वधर्म देश की शान खेलते सब होली 

हरा भरा हर दम रहे किसी की बुरी नज़र न लगे 

संसार में बन जायें सभी इसके सगे 

ईश्वर का उपहार है प्यारा 

हिमालय की चोटी से लगे न्यारा 

भारत की भूमि को नमन हमारा 

इस पर लहराये तिरंगा प्यारा  ।




आभा दवे  26 -1- 2018 (शुक्रवार  )

Wednesday, 3 January 2018

गीत - मन

        मन
      ——

मन के खेल निराले

सपनों से भरे प्याले

खुदी अपनी दुनिया बसाले

मन के खेल निराले ।


घर ,वन ,उपवन ,मंदिर भटके

चलता है कुछ ढलके ढलके

लिए साथ यादों के उजाले

मन के खेल निराले ।


धरती अंबर अपने मे समाये

वो करता मंथन गोते लगाये

अंतर घेर बिछ जाते है जाले

मन के खेल निराले ।



रूठा रहता हरदम खुद से

कर नहीं पाता आस प्रभु से

बिन मन कैसे हरि को पाले

मन के खेल निराले ।




आभा दवे  3-1-2018  (बुधवार )